अंबाला सिटी। शहर के सेक्टर 7 में गैलेक्सी मॉल में पासपोर्ट कार्यालय के स्थानांतरण मामले में नया मोड़ आ गया है। पासपोर्ट कार्यालय यहां पर अपने सामान के साथ स्थानांतरित हो गया है। इसके लिए एक बाकायदा पासपोर्ट केंद्र की तरफ से विज्ञप्ति जारी की गई है। इसमें बताया गया है कि पासपोर्ट सेवा केंद्र, अंबाला का मौजूदा कार्यालय स्थान चंडीगढ़ रोड, अंबाला शहर से नए स्थान सेक्टर-7, गैलेक्सी मॉल, अंबाला शहर पर स्थानांतरित हो रहा है।
पासपोर्ट सेवा केंद्र अंबाला का नया स्थान जनता की सुविधा के लिए आधुनिक सुविधाओं और बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित होगा। पासपोर्ट सेवा केंद्र, अंबाला का नया स्थान 24 जून से प्रभावी रूप से संचालन शुरू करेगा। अप्वाइंटमेंट के लिए यहां पर लोग आ सकते हैं। यह संदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस संदेश के आने के बाद से याचिकाकर्ताओं व सेक्टर सात के लोगों में बेचैनी है, क्योंकि याचिकाकर्ता मामले को काेर्ट में लेकर गए, जिससे कि पासपोर्ट कार्यालय के स्थानांतरित पर स्टे ले लिया जाए मगर तमाम सुनवाई के बाद कोई निर्णय नहीं हो पाया। ऐसे में अब कोर्ट का अवकाश चल रहा है। ऐसे में पासपोर्ट विभाग ने मौके को देखते हुए अपने कार्यालय को शिफ्ट कर लिया। वहीं मौजूदा समय में शिफ्टिंग को लेकर पासपोर्ट बनाने के लिए अप्वाइंटमेंट को स्थगित किया है।
याचिकाकर्ता बोले कि लगाएंगे कोर्ट में एप्लीकेशन
इस मामले में याचिका लगाने वाले अधिवक्ता आशीष गर्ग ने बताया कि उन्हें भी सोशल मीडिया से जानकारी मिली है कि पासपोर्ट कार्यालय सेक्टर सात में शिफ्ट हो रहा है। जबकि मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इस मामले में हम सोमवार को दोबारा से कोर्ट में एप्लीकेशन लगाएंगे और अपना पक्ष रखेंगे।
जुलाई के आखिर में सुनवाई के लिए कोर्ट ने दिया था समय
दरअसल, गैलेक्सी मॉल में पासपोर्ट कार्यालय की शिफ्टिंग को लेकर प्रक्रिया चल रही है। यहां कार्यालय शिफ्ट होने पर सेक्टर-7 से अधिवक्ता आशीष गर्ग ने कोर्ट में केस फाइल किया है। यह मामला सिविल जज सीनियर डिविजन कोर्ट में विचाराधीन है। इसके अलावा यहां कार्यालय शिफ्टिंग को लेकर सेक्टर-7 रेजिडेंट्स सोशल एवं कल्चरल वेलफेयर सोसाइटी की ओर से भी प्रधानमंत्री, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय चंडीगढ़ में शिकायत दी गई है कि अगर सेक्टर-7 गैलेक्सी मॉल में पासपोर्ट कार्यालय शिफ्ट होता है तो सेक्टर में पार्किंग की व्यवस्था खराब हो जाएगी। इस मामले पर कोर्ट में पिछले दिनों भी सुनवाई हुई थी। इसके बाद जुलाई के आखिर में सुनवाई के लिए समय दिया गया था।