अंबाला। उत्तर भारत की सबसे बड़ी कपड़ा मार्केट में जाम से निजात मिल जाएगी। हरियाणा, पंजाब और हिमाचल से आने वाले लोगों को वाहन खड़े करने के लिए पार्किंग की सुविधा मिलेगी।
रोडवेज की तरफ से सिटी में सुषमा स्वराज बस स्टैंड के ठीक सामने खाली जमीन पर यह पार्किंग तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री से अनुमति मिलने के बाद इस पार्किंग को बनाने के लिए एक करोड़ 45 लाख 23 हजार रुपये का बजट जारी हो गया है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण विभाग की ओर से कराया जाएगा।
दरअसल, बस स्टैंड के बाहर से कपड़ा मार्केट का मुख्य रास्ता है। बाजार में वाहन खड़े करने के लिए कोई बड़ी पार्किंग नहीं है। ऐसे में आने वाले ग्राहकों को या तो बस स्टैंड के साथ खाली जमीन पर वाहन खड़े करने पड़ते हैं। या फिर बाजार में ले जाना पड़ता है। ऐसे स्थिति में बाजारों में जाम की स्थिति बन जाती है। इस पार्किंग से कारोबारियों व आने वाले ग्राहकों को लाभ मिलेगा।
जाम से बिगड़ता है बसों का समय
अक्सर सिटी बस स्टैंड के बाहर कपड़ा मार्केट की भीड़ और अवैध रेहड़ियों के कारण जाम की स्थिति रहती है। इस बीच बस स्टैंड में कोई भी बस बाहर या भीतर जाती है तो उसे भी गुजरने में काफी समय लग जाता है। यही कारण है कि बसें अपने निर्धारित समय से लेट हो जाती है। कई बार बसों की देरी के कारण रोडवेज चालकों और स्थानीय लोगों या वाहनों चालकों के बीच बहस भी हो चुकी है। इस पार्किंग के निर्माण से लोगों को वाहन खड़े करने में कोई परेशानी नहीं होगी। साथ ही जाम से भी छुटकारा मिलेगा। दरअसल, सुषमा स्वराज बस स्टैंड से रोजाना करीब 200 बसें गुजरती है। इसके अलावा करीब आठ हजार यात्री आवागमन करते हैं।
लंबे समय से उठ रही पार्किंग की मांग
पार्किंग न होने के कारण लगने वाले जाम से कारोबारी भी परेशान है। इसको लेकर वह कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों से भी मांग कर चुके हैं बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ था। 2017-18 में मुख्यमंत्री द्वारा पार्किंग बनाने की घोषणा की गई थी, लेकिन लंबे समय से फाइल आगे ही नहीं सरकी थी। अब जाकर पार्किंग के निर्माण को लेकर स्वीकृति मिली है। साथ ही बजट भी जारी हो गया है।
फोटो नंबर -
लगने वाले जाम से मिलेगी मुक्ति
होलसेल कपड़ा मार्केट एसोसिएशन के प्रधान विशाल बतरा ने कहा कि कपड़े के साथ-साथ मनियारी का भी बाजार पास ही है। मजबूरन ग्राहकों व दुकानदारों को बांस बाजार की तरफ अपने वाहन खड़े करने पड़ते हैं, जिससे आने जाने का रास्ता भी प्रभावित होता है। पार्किंग के बनने से जाम से मुक्ति मिलेगी।
फोटो: 11
होलसेल कपड़ा मार्केट एसोसिएशन के कार्यकारी प्रधान मोहन गोयल ने बताया कि मौजूद समय में दूसरी जगह से आने वाले ग्राहकों को अपनी गाड़ी खड़ी करने में परेशानी होती है, जो जगह है, वहां पर जगह- जगह गड्ढे बने हैं। इससे सही तरीके से वाहन खडे़ नहीं हो पाते। पार्किंग बनने से वाहनों की संख्या में इजाफा होगा। लोगों को मार्केट से दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
वर्जन
हरियाणा रोडवेज विभाग अपनी जमीन पर ग्राउंड लेबल की पार्किंग का निर्माण करवाने जा रहा है। इस पार्किंग का निर्माण हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण विभाग से करवाया जाएगा। इसके लिए एक करोड़ 45 लाख 23 हजार रुपये जारी हो गया है।
अश्वनी कुमार डोगरा, महाप्रबंधक, अंबाला डिपो।