अंबाला। प्राइवेट स्कूलों द्वारा लॉक डाउन में फीस वसूली के मामले में अंबाला सहोदय स्कूल कॉम्पलेक्स ने स्पष्ट किया है कि वह पूरी तरह से सरकार के साथ है। एसो. के मीडिया प्रभारी सौरभ कपूर ने कहा कि कोई भी प्राइवेट स्कूल संचालक सरकार के आदेशों की पालना करते हुए अभिभावकों पर फीस जमा करवाने के लिए कोई दबाव नहीं दे रहा। वहीं प्रधान राजीव मेहता और महासचिव प्रशांत मुंजाल ने बताया कि सरकार द्वारा जारी किए गए लेटर में सरकार ने लॉक डाउन तक फीस नहीं मांगने के आदेश दिए हैं। इन्हीं आदेशों के तहत अभी तक कोई भी स्कूल संचालक फीस नहीं मांग रहा। न ही कोई दबाव बनाया गया। सौरभ कपूर ने बताया कि स्कूलों को लेकर सोशल मीडिया पर गलत प्रचार किया जा रहा है। इसी कारण अभिभावक भ्रमित हो रहे हैं। जिन अभिभावकों को स्कूलों की तरफ से मैसेज जा रहे हैं वह केवल आटो जनरेट मैसेज हैं। हर महीने इस तरह के मैसेज अभिभावकों को जाते हैं। इस मैसेज को लेकर अभिभावक भ्रमित न हों। स्कूल संचालक इस आपदा में अभिभावकों के साथ हैं। किसी से भी लेट फीस नहीं ली जाएगी।