अंबाला सिटी। किसान आंदोलन को देखते हुए सरकार की ओर से मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद है। इसके कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इससे सरकारी विभागों के काम भी प्रभावित हो रहें हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय में भी इंटरनेट बंद होने से परेशानी बढ़ती नजर आ रही है। जानकारी के अनुसार जब भी विभाग के कर्मचारियों को नए आवेदनाें की जांच करनी होती है, उसके लिए पोर्टल पर कर्मचारी की आईडी से लाॅगइन किया जाता है।
लॉगइन के बाद कर्मचारी के फोन पर ओटीपी आता है। इसके बाद ही कर्मचारी आवेदन की पुष्टि करता है और उसे मंजूरी देता है। पिछले 11 दिन से ओटीपी आने में समस्या हो रही है। इसके चलते कर्मचारी ऑनलाइन आए नए आवेदनों की जानकारी ले नहीं पा रहे है। नए वाेटर कार्ड बनाने की कार्य प्रणाली भी प्रभावित हो रही है। विभाग के पास ब्रॉडबैंड इंटरनेट की सुविधा तो है, लेकिन ओटीपी के बिना इस सुविधा का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं चुनावों की तारीख भी नजदीक है। ऐसे में विभाग पर काम का बोझ बढ़ना तय है।
ओटीपी न आने के कारण विभिन्न क्षेत्रों के बीएलओ ऑफलाइन आवेदन ले रहें है। उन आवेदनों की जानकारी पोर्टल पर दाखिल करने के लिए भी ओटीपी जरूरी है। ऐसे में ओटीपी के बिना ऑफलाइन आवेदन भी अधर में लटक गए हैं। हालांकि कुछ कर्मचारियों के मोबाइल पर ओटीपी आ रहे हैं। फिलहाल विभाग के कर्मचारी इंटरनेट सेवा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। उसके बाद ही आवेदनों को मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
नए वोट कार्ड बनवाने के लिए बीएलओ ऑफलाइन आवेदन ले रहे हैं। विभाग के पास ब्राॅडबैंड इंटरनेट की सुविधा तो है, लेकिन ओटीपी के बिना नए आवेदनों को मंजूरी नहीं मिल पा रही है। कुछ कर्मचारियों के मोबाइल फोन पर ओटीपी आ रहे हैं।
-मंजू, चुनाव कानूनगो, अंबाला