अंबाला सिटी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आगामी 30 मई को जिला न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष के निर्देशानुसार आयोजित होने वाली इस लोक अदालत में मुख्य रूप से एनआई एक्ट की धारा 138 (चेक बाउंस) से जुड़े लंबित मामलों का निपटारा किया जाएगा। प्राधिकरण के अनुसार, इस विशेष अदालत का मुख्य उद्देश्य पक्षकारों के बीच आपसी समझौते और सौहार्दपूर्ण तरीके से मामलों का त्वरित समाधान कराना है इससे जनता के समय और धन दोनों की बचत हो सके। खास बात यह है कि इसमें मामलों के निपटारे के लिए कोई अतिरिक्त कोर्ट फीस नहीं लगेगी और फैसला अंतिम व बाध्यकारी होगा। डीएलएसए ने अधिवक्ताओं और आमजन से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। किसी भी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 0171-2532142 या नालसा के 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।