अंबाला सिटी में सोमवार को ऑपरेशन मुस्कान पार्ट टू अभियान शुरू किया गया। बाजार में जिला बाल संरक्षण विभाग, चाइल्ड लाइन व पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चला करीब बीस बच्चों को बाल मजदूरी से मुक्त करवाया। जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने बताया कि यह 15 फरवरी तक जारी रहेगा और बाल मजदूरी करवाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू करवाये गए बच्चों को इनके मां-बाप तक पहुंचाना है यदि अभिभावक नहीं मिलते तो इन्हें अनाथ आश्रम में छोड़ा जाएगा। सरकार ने लापता हुए बच्चों को उनके मां-बाप से मिलवाने व बाल मजदूरी को रोकने के लिए पिछले दिनों ऑपरेशन मुस्कान चलाया गया जिसके अच्छे परिणाम देखने को मिले व कई बच्चों को उनके मां-बाप से मिलवाया गया। जिसे देखते हुए सोमवार को सिटी में ऑपरेशन मुस्कान पार्ट टू के तहत अंबाला के बाजारों में जिला बाल संरक्षण विभाग, चाइल्ड लाइन व पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चला बीस बच्चों को मुक्त करवाया। जैसे ही तीनों विभागों की संयुक्त टीम कपड़ा मार्केट में दाखिल हुई तो दुकानदारों में हड़कंप सा मच गया। छापेमारी को लेकर जैसे ही दुकानदारों को समझ आई तो बच्चों को भगा दिया गया, लेकिन फिर भी टीम दुकानों से बीस बच्चों को ढूंढ लाई। जिला बाल संरक्षण विभाग अधिकारी मेघ सिंगला ने हैरानी जताई कि वह लोग समय-समय पर कार्रवाई करते रहते हैं, लेकिन उसके बावजूद उन्हें इतने बच्चे बाल मजदूरी करते मिले। अब इन बच्चों के मां-बाप को खोजने की कोशिश की जाएगी। यदि मां-बाप न मिले तो इन्हें अनाथ आश्रम में रखा जाएगा। उन्होंने कहा बच्चों से बाल मजदूरी करवाने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह ऑपरेशन 15 फरवरी तक जारी रहेगा।