अंबाला सिटी। नगर निगम शहर के करीब 40 पार्कों में नए झूले लगाने के साथ ओपन जिम भी लगाएगा। इसके साथ ही इन पार्कों में पहले से लगे टूटे झूलों की भी मरम्मत होगी।
कई पार्क ऐसे हैं, जहां झूले और ओपन जिम लगे हैं, लेकिन इनकी स्थिति ठीक नहीं है। इनको रिपेयर किया जाएगा और जिन पार्कों में ओपन जिम और झूले नहीं लगे, वहां नए झूले और ओपन जिम लगेंगे। नगर निगम झूले और जिम लगाने के लिए निविदा लगाएगा। निविदा लगाने को लेकर निगम ने प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दरअसल, शहर की मुख्य कॉलोनियों सहित सेक्टरों में भी पार्क बनाए गए हैं। इन पार्कों की निगम देखरेख करता है। कई पार्कों की स्थिति अच्छी है तो कई पार्क रखरखाव के अभाव में बुरी हालत में हैं।
लगाने के बाद ध्यान नहीं देते अधिकारी
दरअसल, शहर के कई पार्कों में झूले और जिम लगे हैं। पार्कों में सुबह-शाम जहां बच्चे खेलने के लिए आते हैं। वहीं, बुजुर्ग भी सैर करने के लिए पहुंचते हैं। महिलाएं भी ओपन जिम में आकर कसरत करती हैं। कई पार्क में यह ओपन जिम और झूले टूट गए हैं। निगम अधिकारी इन झूलों व जिम को एक बार लगाने के बाद ध्यान नहीं देते।
इससे रखरखाव के अभाव में झूले टूट जाते हैं। अभी गर्मी की छुट्टियों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी सुबह शाम सैर करने के लिए पहुंच रहे हैं। शहर के साथ-साथ सेक्टरों में भी कई अच्छे पार्क बने हुए हैं, जहां निगम को ध्यान देने की जरूरत है।
बैठक में भी उठ चुका रखरखाव का मुद्दा
निगम की हाउस बैठक में कई बार यह मुद्दा उठ चुका है कि निगम पार्कों के रखरखाव की ओर ध्यान नहीं देता। इससे पार्कों में रखरखाव न होने से झूले, जिम और चहारदीवारी सहित अन्य सामान लोग तोड़ देते हैं। कई पार्क ऐसे भी है, जिनको सोसाइटी भी देखरेख करती है। शहर का हर्बल पार्क एक बेहतरीन उदाहरण है। यह शहर का मुख्य पार्क है। जहां अधिकारी भी सैर करने के लिए पहुंचते हैं। इस पार्क का बेहतरीन ढंग से रखरखाव किया जा रहा है। वहीं, शहर के प्रेम नगर, सिविल अस्पताल के सामने, सेक्टर-7, 8 सहित अन्य जगहों पर भी भी पार्क बनाए गए हैं।
वर्जन
शहर में बने पार्कों में नए झूले और ओपन जिम लगाए जाएंगे। साथ ही टूटे झूलों को भी रिपेयर कराया जाएगा। शहर में करीब 40 पार्क हैं। इन कार्यों को करने के लिए निगम ने निविदा लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही इसको लेकर वर्कऑर्डर दिया जाएगा।
डॉ. संगीता तेतरवाल, आयुक्त, नगर निगम।