अंबाला सिटी। ओलंपिक मेडलिस्ट बजरंग पूनिया रविवार को अंबाला में पहुंचे। बजरंग पूनिया ने डडियाना गांव में राशन सामग्री बांटी और हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पर दड़वा में घग्गर नदी के टूटे बांध पर मिट्टी के कट्टे भरने व उठाने की सेवा की। गांव के गुरुद्वारा साहिब में लंगर भी बरताया। पूनिया ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह ने बाढ़ के समय में लोगों की सहायता के लिए बेहतरीन कार्य किया है।
यूनियन राशन सामग्री बांट रही है और पशुओं के लिए चारा भी मुहैया करवाया गया है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि सभी को ऐसे समय में बढ़कर सेवा करनी चाहिए। वहीं, तेजबीर सिंह पंजोखरा ने बताया कि बजरंग पूनिया बाढ़ पीड़ितों के लिए अभी तक 200 पैकेट राशन समाग्री और पांच ट्रॉली भूचा दे चुके हैं।वह दोपहर शाम चार बजे तक अंबाला में रहे। उनके पहुंचने पर भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरजीत सिंह मोहड़ी, बलजिंद्र सिंह चुडियाला व अन्य किसानों ने स्वागत किया।