अंबाला। गांव बोह के लक्ष्मी नारायण मंदिर में एक युवक ने शराब के नशे में जमकर हुड़दंग मचाया। युवक बुधवार देररात को नशे की हालत में मंदिर परिसर में घुस गया और शोर मचाने लगा। रोकने पर उसने मंदिर के पुजारी व महिला बुजुर्ग से मारपीट की और आपत्तिजनक हरकत की। इस दौरान स्थानीय लोग मंदिर में पहुंच गए। उन्होंने युवक की धुनाई करने के बाद पुलिस को मौके पर बुलाकर युवक को उन्हें सौंप दिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस को दी शिकायत में रविंद्र राणा ने बताया कि वह लक्ष्मी नारायण मंदिर का प्रधान है। उनके गांव का रहने वाला युवक तरुण मंदिर में शराब के नशे में हुड़दंग मचाता है। कई बार समझाने के बावजूद भी नहीं हटता। उसने बुधवार को मंदिर में आपत्तिजनक हरकत की और मंदिर के पुजारी एवं महिला बुजुर्ग से मारपीट की।
पुलिस ने मौके से पकड़े युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
रामपाल, इंस्पेक्टर, महेश नगर थाना प्रभारी