अंबाला। नगर परिषद अंबाला सदर के होने वाले चुनावों के लिए तैयारी वोटर सूची तैयार कर ली है। पुरानी सूची में से 150 मृत व्यक्तियों के वोट काटकर अब एक लाख 74 हजार 242 वोटर सूची को फाइनल कर दिया है।
यह सूची जल्द ही विभागीय वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी जाएंगी। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी रविंद्र कुहाड़ ने बताया कि अंतिम दावे और आपत्तियां डीसी की ओर से सुनी थी। इसके आधार पर ही वोटर की फाइनल सूची तैयार की गई है। शिकायतों में अधिकांश मामले मृतकों से संबंधित थे, जोकि वार्ड स्तर पर तैनात बीएलओ की मदद से खंगाले गए और उनकी सही जानकारी लेकर वोटर लिस्ट से मृतकों के नाम काट दिए।
वार्ड स्तर पर मिली थीं 72 आपत्तियां
वार्ड स्तर पर वोटर लिस्ट से संबंधित लगभग 72 आपत्तियां प्राप्त हुई थी। इन आपत्तियों की पहले सुनवाई अंबाला कैंट के उपमंडल अधिकारी ने और अंतिम सुनवाई डीसी अंबाला की ओर से की गई। सभी शिकायतों का निपटान कर दिया गया, जिससे कि फाइनल मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जा सके और इसके आधार पर चुनावों की तारीख भी। नगर परिषद में जो भी आपत्तियां प्राप्त हुई थीं, उसमें नाम और उम्र में गलती, वार्ड का बदलाव और मृतकों से संबंधित जानकारी शामिल थी।
वार्डों की आबादी दो लाख 41 हजार
हरियाणा चुनाव आयोग की ओर से मार्च माह में 31 वार्ड में से 15 वार्ड आरक्षित किए थे। ड्रा और जनसंख्या के आधार पर यह कार्य किया गया था। वार्डों का आरक्षण 2011 की जनसंख्या के आधार पर किया है। इसमें जरनल और बीसी श्रेणी में एक लाख 76 हजार 233 मतदाता हैं और एससी श्रेणी से संबंधित जनसंख्या 65 हजार 436 है। 31 वार्ड की कुल जनसंख्या 2 लाख 41 हजार 669 दर्ज की गई है।