अंबाला। एटीएम कार्ड की तरह अब मतदाता पहचान पत्र भी स्मार्ट हो गए हैं। जारी किए जा रहे नए मतदाता पहचान पत्र में क्यूआर काेड का ऑप्शन दिया गया है जो पहली बार उपयोग में लिया गया है। वोटर हेल्पलाइन एप पर क्यूआर कोड स्कैन करते ही इसमें मतदाता की पूरी जानकारी मिल जाएगी। वोटर आई कार्ड हाईटेक और ज्यादा सुरक्षित हो गए हैं। अब नए वोटर आई कार्ड का आकार बदलकर एटीएम जितना कर दिया गया है।
नए वोटर कार्ड में मतदाता की बड़ी और छोटी दो फोटो लगाई गई है। आगे और पीछे की तरफ भारत के दो नक्शे बनाए गए हैं। इस वोटर कार्ड में एक होलोग्राम बना हुआ है जिसमें भारत का नक्शा बना हुआ है। कार्ड पर बने क्यूआर कोड को स्कैन करते ही पहचान पत्र संख्या दिखाई देगी। इसके बाद मतदाता का नाम आएगा फिर मतदाता की आयु, लिंग, माता-पिता, पति-पत्नी का नाम, विधानसभा क्षेत्र, संसदीय क्षेत्र, जिला, राज्य, भाग संख्या, भाग नाम, सीरियल नंबर व मतदान केंद्र का नाम आदि जानकारी मिलेगी।