अंबाला। जिलाभर के पुलिस थानों में सादगी नजर आएगी। यदि पुलिस मुलाजिम या शिकायतकर्ता ने ऐसा नहीं किया तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह सब संभव होगा पुलिस थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों से।
अब सभी थाने सीसीटीवी से लैस हो गए हैं और इन्हें चालू कर दिया है। हर थाने में तीसरी आंख से नजर रखी जा रही है। इन कैमरों का जुड़ाव सीधा ही मुख्यालय से है। इसके अलावा थानों और चौकियों में काम के बजाय आराम नहीं किया जा सकेगा। फुटेज के अलावा इन कैमरों की रिकॉर्डिंग भी होगी।
अक्सर देखा जाता है कि पुलिसकर्मियों पर कई बार थाने आए फरियादियों से बदसलूकी करने के आरोप लगते हैं तो कई बार ऐसा भी होता है कि वो फरियादियों की शिकायत को अनसुना करते हैं। मामला जब उच्च अधिकारियों तक पहुंचता है तो इसके कोई सुबूत नहीं मिलते। ऐसे में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं हो पाती। कई बार ऐसा भी होता है कि थानों और पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों में दबंग घुसकर हंगामा करते हैं और उनके साथ गलत बर्ताव करते हैं। ऐसे में उनके खिलाफ भी कोई सुबूत नहीं मिल पाता, लेकिन अब ऐसा नहीं हो पाएगा। बता दें कि अंबाला में कुल 17 थाने हैं, इनमें साइबर सैल, महिला थाने भी शामिल है।
मुख्य गेट से जांच अधिकारी कक्ष तक कैद
यह कैमरे केवल दिन ही नहीं, बल्कि रात के समय भी पूरी फुटेज से लेकर रिकॉर्डिंग तक का रिकॉर्ड रखेंगे। इन नाइट विजन कैमरों की क्वालिटी काफी हाई है। जो चौकी और थानों के मुख्य गेट से लेकर जांच अधिकारी, मुंशी कक्ष और थाना प्रभारी कक्ष तक में लगे हैं। इनकी रिकॉर्डिंग का डाटा भी लंबे समय तक रखा जा रहा है।
वर्जन
सभी पुलिस थानों में सीसीटीवी लगा दिए गए है। थाने की एंट्री से लेकर जांच कक्ष तक में यह कैमरे लगे हैं, जिससे कि पुलिस मुलाजिमों के साथ-साथ थानों में शिकायत लेकर आने वालों पर भी नजर रखी जा सके।
शिवास कविराज, आईजी, अंबाला रेंज