हरिंदर पाल सिंह
अंबाला। स्ट्राम वाटर योजना के तहत अंबाला छावनी के 18 किमी क्षेत्र में भूमिगत पाइप लाइन बिछाई जाएगी, जिससे कि जलभराव की समस्या न रहे और पानी की निकासी भी सुचारू ढंग से हाे सके। इस काम को लगभग 13.5 करोड़ की लागत से कराया जाएगा। उक्त जानकारी नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता मंदीप सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 45 क्षेत्राें को चिह्नित किया है। इसमें 20 अहाते सहित ऐसे रिहायशी क्षेत्रों को शामिल किया गया है जहां, बारिश के दिनों में जलभराव हो जाता था और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने बताया कि निविदा लगाकर भूमिगत पाइप लाइन डालने का कार्य जारी कर दिया गया है और संबंधित ठेकेदार को भी निर्देश दिए गए हैं कि वो जल्द से जल्द संबंधित क्षेत्रों में पाइप लाइन डालने का कार्य शुरू करें, जिससे कि स्थानीय लोगों को सुविधाएं मिल सकें। गौरतलब है कि 60 करोड़ की लागत से पहले अंबाला छावनी के लगभग 33 किमी क्षेत्र में भूमिगत पाइप लाइन बिछाई गई थी जोकि बारिश के दिनों में काफी कारगर साबित हो रही है। इससे जलभराव की समस्या दूर हो गई है।
छावनी के इन क्षेत्रों में होगा काम
पंजाबी मोहल्ले में तीन जगह पाइप लाइन डाली जाएगी। इसके अलावा बंगाली मोहल्ला अहाता, आनंद निवास अहाता, कोरी मंडी अहाता, बैंक ऑफ बड़ौदा के नजदीक अहाता, नंदी देवी धर्मशाला, छोटाई अहाता, कच्चा बाजार की गली, सर्राफा बाजार में दो जगह, सन्नी डेयरी के नजदीक अहाता, कच्चा बाजार कसाई अहाता, सरकारी डिपो के पास अहाता क्राॅस रोड 11, क्रास रोड 12 की गली, सेंट्रल नाले के पास गली नंबर एक से पांच, निकलसन रोड पर तीन जगह, केदारनाथ अहाता, निकलसन रोड पर तीन गलियां, आउटर लार्ज रोड पर डॉ. धर्म सिंह अहाता, आउटर लार्ज रोड गली नंबर एक से तीन, क्राॅस रोड 11 और 12 की गलियां, क्राॅस रोड नंबर 6 से 8 का क्षेत्र, हरगोलाल फैक्ट्री के नजदीक गली, जय राम की मंडी अहाता, बंगाली मोहल्ले की गली, क्राॅस रोड दो की गली, नाइयों वाली गली नंबर एक और दो, कच्चा बाजार क्राॅस रोड 10 और 11 की गलियां, पुलिस क्वार्टर के नजदीक गली, राधा कृष्ण मंदिर चूना चौक की गली, राम बाजार की गली, क्राॅस रोड 11 पर अहाता, ग्वालमंंडी के पास गली, मोची मंडी अहाता, क्राॅस रोड नौ और 10 पल्लेदार मोहल्ले की गली, गुड़ बाजार की गली और पंसारी बाजार की गली में भूमिगत पाइप लाइन डाली जाएगी।