गृहमंत्री अपने आवास पर लोगों की समस्याएं सुनते हुए। संवाद
अंबाला। हमने हरियाणा को हर हाल में सुरक्षित करना है, किसान संगठन कानून व्यवस्था हाथ में लेंगे तो इसकी इजाजत नहीं दी जाएगी। गृहमंत्री अनिल विज ने ये बात किसान संगठनों के दिल्ली कूच के मामले में कही।
इनेलो विधायक अभय चौटाला के एमएसपी गारंटी के बयान पर कहा कि सरकार किसानों के हक में काम करना चाहती है, प्रधानमंत्री सहायता राशि तीन किश्तों किसानों को दी जा चुकी है और अब भी केंद्र के मंत्री पंजाब में जाकर किसानों से बात कर रहे है।
केजरीवाल रच रहे प्रपंच
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान कि उनके साथ आतंकवादी जैसा व्यवहार हो रहा है, पर गृहमंत्री ने कहा कि अभी वह (अरविंद केजरीवाल) एक बार भी अंदर गए तो है नहीं, अंदर जाएंगे तब इनको पता लगेगा कि इनके साथ कैसा सलूक होता है और इनके साथ कहां आतंकवादियों जैसा सलूक किया। विज ने कहा कि ये जेल से बचने के लिए इस तरह के प्रपंच रच रहे हैं।
सुनी जनसमस्याएं
पलवल से आए परिवार ने गृहमंत्री को बताया कि पुलिस ने उनके बेटे को फर्जी केस में अंदर किया। इसके बाद उनके बेटे की मृत्यु हो गई। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की जिस पर गृह मंत्री अनिल विज ने पुलिस शिकायत समिति को मामले की जांच के निर्देश दिए। कुरुक्षेत्र से आई महिला ने उससे छेड़छाड़ करने, नूंह से आई महिला ने पति द्वारा उसे घर से निकालने, पानीपत से आई महिला ने पति की ओर से उसके साथ मारपीट करने के आरोप लगाए।