अंबाला सिटी। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने वीरवार को कैंप कार्यालय में राजस्व विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े राजस्व कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीसी ने विभाग को निर्देश दिए कि जमाबंदी और इंतकाल से जुड़े सभी लंबित कार्यों को अगले एक महीने के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। बैठक में पेपरलेस रजिस्ट्री, कोर्ट केस और रोवर मशीन से आधुनिक निशानदेही जैसे एजेंडों पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि ऑनलाइन आवेदन करने वाले लोगों की निशानदेही का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व अदालतों में लंबित मामलों के निपटान में तेजी लाने और रिकवरी प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।