मुलाना। मारकंडा नदी में नहाने गया मुलाना निवासी विश्वजीत शनिवार शाम करीब सात बजे तेज बहाव के चलते बह गया। उसका दो दिन बाद भी पता नहीं चला है। परिजनों ने पुलिस को शिकायत सौंपी थी। मुलाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया था। विश्वजीत के पुत्र सचिन ने बताया कि पुलिस ने मौके का मुआयना तक नहीं किया। सचिन ने बताया कि वह दो दिन से ग्रामीणों के साथ मारकंडा नदी में अपने स्तर पर पिता को ढूंढ रहा है। सचिन के अनुसार, पुलिस उन्हें दो दिन में गोताखोर तक उपलब्ध नहीं करा सकी। यदि उन्हें गोताखोर उपलब्ध कराए जाएं तो उसके पिता का कुछ पता चल सकता है।
बता दें कि मारकंडा नदी हाल ही में उफान पर थी। ऐसे में नदी में बड़े-बड़े गड्ढे बन जाते हैं। इससे नदी के लेवल का पता नहीं चल पाता। वहीं, ग्रामीण अपने स्तर पर रस्सी के सहारे विश्वजीत को ढूंढ रहे हैं। यह खतरे से खाली नहीं है। ऐसे में कोई हादसा भी घटित हो सकता है, लेकिन प्रशासन इस बात से बेखबर है।
कुछ देर तैरता नजर आया विश्वजीत
विश्वजीत के साथ उस समय उसका रिश्तेदार मन्नी था। मन्नी के अनुसार, वह बाहर खड़ा था और विश्वजीत नहाने के लिए मारकंडा नदी में कूद गया। कुछ समय तो उसने विश्वजीत को तैरते देखा, लेकिन उसके बाद वह उसकी आंखों के सामने बह गया।
गोताखोरों को बुलाने के लिए प्रयासरत
मुलाना थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने कहा कि सचिन की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया है। परिजनों द्वारा विश्वजीत के डूबने का शक जताया गया है। इसके आधार पर गोताखोरों को बुलाने के लिए प्रयासरत हैं। इसके लिए नायब तहसीलदार मुलाना से संपर्क साधा है।
मामला संज्ञान में है। जल्द ही गोताखोरों का प्रबंध हो जाएगा। प्रबल प्रयास जारी है।
बिजेंद्र सिंह, एसडीएम बराड़ा