हरिंदर पाल सिंह
अंबाला। छावनी की खस्ताहाल सड़कों का स्वरूप जल्द बदलने वाला है। सड़कों का डिजाइन राष्ट्रीय तकनीकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र ने तैयार कर लिया है। इसके बाद शास्त्री कॉलोनी और आउटर लार्ज रोड की सड़कों की अनुमानित लागत बढ़ गई है।
इसमें शास्त्री कॉलोनी की सड़क की अनुमानित लागत 1.85 करोड़ थी, वो बढ़कर 2.27 करोड़ रुपये हो गई है। इसी प्रकार आउटर लार्ज रोड की अनुमानित लागत 4.22 करोड़ से 4.58 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं सदर क्षेत्रों की सड़कों को लेकर तैयार की गई लागत 6.98 करोड़ में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है। अनुमति के लिए फाइल मुख्यालय भेजी गई है। अनुमति मिलने के बाद दो-तीन दिन में टेंडर लगाने की तैयारी है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों हरियाणा के गृहमंत्री ने छावनी की सड़कों की बिगड़ रही हालात को देखते हुए नगर परिषद के अधिकारियों को डिजाइन आईआईटी रूड़की या एनआईटी कुरुक्षेत्र से तैयार करवाने के निर्देश दिए थे, ताकि सड़कों को आगामी 20 वर्षों तक रिपेयर की जरूरत न पड़े।
शास्त्री कॉलोनी की सड़कों का निर्माण सीमेंट और बजरी के मिश्रण से किया जाएगा। इसी प्रकार आउटर लार्ज रोड का निर्माण भी आरसीसी से किया जाएगा। वहीं सदर क्षेत्र की दो सड़कें हिल रोड व टिंबर मार्केट की सड़क आरसीसी के मिश्रण से और अन्य चार सड़कें तारकोल व बजरी के मिश्रण से तैयार होंगी।
गड्ढे को भरने की तैयारी
अन्य क्षेत्रों में सड़कों पर हो चुके गड्ढे भरने की तैयारी नगर परिषद ने शुरू कर दी है। इस पर लगभग 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें सड़क पर छोटी या बड़ी कोई भी समस्या होगी तो उसे तुरंत प्रभाव से दुरुस्त करवाया जाएगा। इस योजना की फाइल पहले ही अप्रूवल के लिए मुख्यालय भेजी हुई है।
एनआईटी कुरुक्षेत्र ने सड़कों का डिजाइन तैयार कर दिया है। इसके हिसाब से अनुमानित लागत तैयार करके मुख्यालय भेज दी गई है। उम्मीद है कि आगामी दो-तीन दिन में अनुमति मिल जाएगी। साथ ही टेंडर लगा दिया जाएगा, ताकि छावनी की सड़कें नए स्वरूप में नजर आएं।
-मंदीप सिंह, कार्यकारी अभियंता, नप सदर।