अंबाला सिटी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पंजोखरा साहिब में जिला स्तरीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का समापन हो गया। इसका आयोजन हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देशानुसार समग्र शिक्षा अंबाला के अंतर्गत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बीआरसी अंबाला छावनी नरोत्तम शर्मा ने किया एवं समापन पर मुख्यातिथि के रूप में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक सुधीर कालडा ने शिरकत की।
इस मौके पर डीईईओ सुधीर कालड़ा ने बताया कि कार्यक्रम में विविध प्रतियोगिताओं में भाग लेने से छात्रों में प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ-साथ आत्मविश्वास का गुण भी समाहित होता है। इस तरह के कार्यक्रमों से छात्रों का सर्वांगीण विकास होता है।
कार्यक्रम की नोडल अधिकारी एपीसी पूजा शर्मा ने बताया कि इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चार वर्गों में जिनमें एकल लोक नृत्य, एकल गायन, समूह गायन, लोकगीत एवं विजुअल, आर्ट टू डी में विभिन्न खंडों से कक्षा 6वीं से 12वीं के प्रथम स्थान प्राप्त विजेताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर डीईईओ सुधीर कालड़ा ने विजेताओं को प्रमाण-पत्र देखकर सम्मानित किया और विद्यालय प्रधानाचार्य शैलजा ने बाहर से आए अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं अध्यापकों का धन्यवाद दिया। मंच संचालन आचार्य महेंद्र प्रसाद ने किया।
एकल गायन प्रतियोगिता में राजकीय उच्च विद्यालय तेपला से नवरीन कौर प्रथम, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल बराड़ा से मनप्रीत कौर द्वितीय रहे। दृश्य कला टू डी में राजकीय स्कूल काठे माजरा से कीर्ति प्रथम और राजकीय मिडिल स्कूल सिंबला के मयंक द्वितीय, समूह गायन प्रतियोगिता में राजकीय स्कूल मोहड़ा से पायल और ग्रुप ने प्रथम, राजकीय स्कूल कांवला से सीमा और ग्रुप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
एकल नृत्य में राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल रामपुर सरसेहड़ी की श्रद्धा प्रथम, समलेहड़ी के हिमांशु शर्मा द्वितीय स्थान पर रहे। यह सभी विजेता 19 फरवरी से पंचकूला जिले में आयोजित की जा रही राज्य स्तरीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस दौरान जगमोहन सिंह भी मौजूद रहे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पंजोखरा साहिब में जिला स्तरीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिता करवाई