अंबाला। योग शिक्षक मनोराम की चाकूओं से गोदकर हत्या व मोंटू से मारपीट के मामलों में नामजद नकुल अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उधर, नकुल की बहन ने डीएसपी छावनी अनिल कुमार से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा है। बहन ने गुहार लगाते हुए कहा कि नकुल रेलवे कर्मचारी है और उसका मारपीट व हत्याकांड से कोई लेना देना नहीं है। चाहें तो उस दिन की सीसीटीवी निकलवा लें या फिर रेलवे कर्मचारियों से पूछ लें। बिना किसी कारण उसका नाम जोड़ा गया है। वह तो रोजाना की तरह सुबह जाकर शाम पांच बजे ड्यूटी से लौटा था। डीएसपी अनिल ने नकुल की बहन के बयान दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच के निर्देश दिए हैं। बता दें कि पांच मार्च को मनोराम के दोस्त मोंटू से दोपहर के समय आरोपियों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वहीं रात के समय दुकान के आगे से गुजर रहे योग शिक्षक मनोराम की चाकूओं से गोदकर हत्या हो गई थी। इन दोनों ही मामलों में घायल मोंटू व मृतक के परिजनों की शिकायत पर नकुल का नाम शामिल है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रूड़की गई थी लेकिन वहां कोई सफलता नहीं मिली। पड़ाव पुलिस व सीआईए की टीम दोनों मिलकर छापामारी कर रही है।
नकुल की बहन के बयान दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। हत्याकांड व मारपीट वाले दिन नकुल के ड्यूटी पर होने की बात कही गई है तो उस पहलू को भी जांचा जा रहा है।
-अनिल कुमार, डीएसपी अंबाला कैंट