अंबाला। लखनौर गांव में एक नशेड़ी युवक ने पांच लोगों पर कैंची से हमला कर लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकातय में लखनौर के मदन लाल ने बताया कि वह शनिवार शाम पीर चौक के पास पुलिया पर बैठा था। इस दौरान उसके गांव का दीपक आया और उसके साथ पुलिया पर बैठ गया। दीपक ने उसके कंधे पर हाथ रख लिया। जब उसने कहा कि बेटा थोड़ी उम्र का लिहाज कर। इतना सुनते ही आरोपी दीपक गुस्से में आ गया और हाथापाई करने लगा।
आरोपी पास लगती निर्मल नाई की दुकान से कैंची उठाकर लाया और दाहिने हाथ व बाई बाजू पर वार कर दिया। जब गांव का प्रवीण छुड़वाने आया तो आरोपी ने उसकी बाजू पर भी कैंची से वार कर दिया। इसके बाद गांव लखनौर निवासी सुरेंद्र आया तो उसकी कलाई पर भी कैंची से वार कर दिया। हंगामा बढ़ता देख गांव गनौली निवासी प्रकाश सिंह आए। उसने छुड़वाने की कोशिश की तो आरोपी ने प्रकाश सिंह के दाहिने कंधे के पीछे कैंची घोंप दी। शिकायतकर्ता ने कहा कि आरोपी ने किसी प्रकार का नशा किया हुआ था।