अंबाला। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा संबंधित सर्व कर्मचारी संघ ने विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को नगर निगम व परिषद के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने छावनी नगर परिषद कार्यालय के बाहर हाथों में झाड़ू लेकर मुख्य गेट पर जमकर नारेबाजी की। साथ ही मांगों को लेकर एक ज्ञापन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नाम सौंपा। कर्मचारियों ने मांगें बताते हुए कहा कि सभी विभागों में तैनात ठेकों पर लगे व कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। ठेका प्रथा बंद कर नियमित भर्ती की जाए।
साथ ही कर्मचारी की मौत व सेवानिवृत्ति पर आश्रितों को नियमित नौकरी दी जाए। ग्रेजुएटी का लाभ दिया जाए। अनियमित कर्मियों की मौत पर आर्थिक सहायता राशि तीन से 10 लाख रुपये की जाए। पांच हजार रुपये जोखिम भत्ता दिया जाए। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं हुई तो 11 व 12 अक्तूबर को क्रमिक भूख हड़ताल करेंगे। इसके अलावा 19 व 20 अक्तूबर को दो दिन काम छोड़कर हड़ताल की जाएगी। फिर भी मांग पूरी नहीं हुई तो दो दिवसीय अनिश्चितकालीन हड़ताल रहेगी।