अंबाला। सदर क्षेत्र में बनी बहुउद्देशीय पार्किंग की निगरानी तीसरी आंख यानी सीसीटीवी से की जाएगी। नगर परिषद के अधिकारी मोबाइल पर इसकी लाइव फुटेज देख सकेंगे। गेट पर स्वचलित बूम बैरियर लगाया जाएगा जोकि एक विशेष प्रकार की चिप पर आधारित होगा।
इसके लिए वाहनों पर स्टीकर चस्पा किया जाएगा। इस पूरी योजना को निकाय विभाग के मुख्यालय से अनुमति मिल गई है और नगर परिषद ने निविदा जारी कर दी है। इस सुविधा के तहत लगभग 8.50 लाख रुपये की लागत से बहुउद्देशीय पार्किंग में 96 कैमरे लगाए जाएंगे। वहीं पार्किंग में कैमरों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा।
नाइट विजन कैमरे
बहुउद्देशीय पार्किंग में नाइट विजन फीचर वाले कैमरे लगाए जाएंगे। अत्याधुनिक वीडियो वाले ये कैमरा बेहतरीन रूप से शॉट्स को लेने में सक्षम होता हैं। वहीं रात के घने अंधेरे में भी यह कैमरे काफी साफ व स्पष्ट रिकॉर्डिंग करते हैं। इनमें बातचीत भी रिकॉर्ड हो सकती है। इसके अलावा ये कैमरे चारों तरफ घूमने में भी सक्षम हैं।
नवंबर माह में हुआ था उद्धाटन
बहुउद्देशीय पार्किंग का निर्माण 19.38 लाख की लागत से किया गया है। नवंबर 2023 में यह सुविधा हरियाणा के गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की ओर से प्रदान की थी। यहां प्रतिदिन के हिसाब से रेट और मासिक पास के रेट भी निर्धारित किए गए हैं। पार्किंग में 650 वाहन खड़े करने की व्यवस्था की गई है। इसमें 300 दोपहिया और 350 चौपहिया वाहन शामिल हैं। दोपहिया वाहन के 6 घंटे तक 10 रुपये और 24 घंटे तक 20 रुपये, वहीं चौपहिया वाहन के लिए 20 और 40 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। इसके अलावा मासिक पास के लिए दोपहिया वाहन चालकों के लिए 250 रुपये और चौपहिया वाहन चालकों के लिए 800 रुपये लिए जा रहे हैं।
वर्जन
बहुउद्देशीय पार्किंग में जल्द ही सीसीटीवी लगाने की प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी। इसकी निविदा लगा दी गई है। यहां अत्याधुनिक कैमरे लगाए जाएंगे। इसकी लाइव फुटेज मोबाइल पर देखी जा सकेगी। कैमरे अंधेरे में भी बखूबी काम करेंगे।
मंदीप सिंह, कार्यकारी अभियंता, नप सदर।