अंबाला। लालकुर्ती क्षेत्र में उत्पात मचाने के बाद शहजादपुर की तरफ से आए बंदरों ने वीरवार रात को अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर आतंक मचाया और कई बच्चों पर हमला कर दिया। ट्रेन में सफर करने की मजबूरी के कारण यात्री घायल बच्चों सहित गंतव्य की तरफ निकल गए। वहीं शुक्रवार सुबह भी बंदर ने एक छोटे बच्चे के गाल पर नाखून मार दिए। यह घटना प्लेटफार्म एक पर अनारक्षित टिकट केंद्र के नजदीक हुई। बंदरों के आतंक से प्लेटफार्म पर बैठे यात्री डर गए और सामान सहित मौके से भाग निकले। इस दौरान एक बंदर ने कुछ यात्रियों के बैग को भी खंगाल डाला और बैग में रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया। कुछ देर बाद बंदर शांत हो गया और वो प्लेटफार्म की छत पर चढ़ गया। दस मिनट बाद बंदर दोबारा प्लेटफार्म पर आ गया और यहां स्थित एक स्टाॅल पर रखे सामान को फेंकना शुरू कर दिया। बंदर की हरकत देखकर कुछ वेंडरों ने उसे खाने का सामान दिया। इसके बाद वह शांत होकर एक स्टाॅल पर बैठ गया।
गौरतलब है कि बंदर बुधवार को शहजादपुर से आई एक निजी बस की छत पर बैठकर छावनी बस अड्डे पहुंचे थे। इसके बाद लालकुर्ती क्षेत्र में कई बच्चों को काट लिया और घरों में रखे सामान को भी तहस-नहस कर दिया। हालांकि पुलिस और वन विभाग के कर्मचारियों ने बंदर को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया, लेकिन बंदर पकड़ में नहीं आया।