रेलवे स्टेशन पर बनने वाला मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट । रेलवे
अंबाला। अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर लगातार ट्रेनों का आकड़ा बढ़ता जा रहा है। मौजूदा समय में 300 से अधिक यात्री ट्रेनों का संचालन और 80 के करीब मालगाड़ियां दौड़ रही हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की संख्या भी प्रतिदिन के हिसाब से 60 हजार तक पहुंच गई है।
स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को एक मुख्य परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और वो है मोबाइल चार्जिंग की सुविधा। ऐसे शिकायतें लगातार मंडल रेल प्रबंधक सहित वाणिज्य विभाग के पास पहुंच रही हैं। इसे देखते हुए अंबाला मंडल ने मोबाइल चार्जिंग जंक्शन बॉक्स स्थापित करने की योजना तैयार की है और इस सुविधा को उपलब्ध करवाने के लिए रेलवे स्टेशन पर सर्वे भी शुरु करवा दिया है। टीम इस दौरान प्लेटफार्म 1 से 7 पर ऐसी जगह को चिह्नित करेगी, जहां यात्रियों की भीड़ अधिक रहती है और उन्हें मोबाइल चार्जिंग की समय-समय पर आवश्यकता पड़ती रहती है।
दो योजनाओं पर काम
मोबाइल चार्जिंग जंक्शन बॉक्स को स्थापित करने के लिए दो प्रकार की योजनाएं तैयार होंगी। प्राप्त जानकारी अनुसार पहली योजना के तहत जंक्शन बॉक्स में एक साथ आठ से दस सॉकिट लगाए जाएंगे ताकि एक साथ कई यात्री यहां मोबाइल चार्ज कर सकें। वहीं दूसरी योजना के तहत स्वचलित जंक्शन बॉक्स स्थापित किया जाएगा। इस पर एक एलईडी स्क्रीन लगी होगी और यहां भी 8 से 10 प्वाइंट्स होंगे। यहां बेस पर मोबाइल रखते ही मोबाइल खुद-ब-खुद चार्ज हो जाएगा। इसके लिए किसी प्रकार की लीड या प्लग की जरूरत नहीं होगी।
वर्जन
यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी करते हुए नित नए बदलाव किए जा रहे हैं। कुछ दिन पहले जहां महिलाओं के लिए निशुल्क सेनेटरी नैपकिन मशीन की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है, इसी कड़ी के तहत अब यात्रियों को मोबाइल चार्जिंग में कोई दिक्कत न हो। इसके लिए भी मोबाइल चार्जिंग जंक्शन या फिर प्वाइंट्स बनाने पर विचार किया जा रहा है। विभागीय कर्मचारी रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्यवाही आरंभ कर दी जाएगी।
नवीन कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।