हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष रोहित जैन
अंबाला सिटी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष रोहित जैन ने कहा कि 2024 में केंद्र में राहुल गांधी और हरियाणा में कुमारी सैलजा के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनते ही अंबाला में रुके विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा-जजपा सरकार को 10 वर्ष पूरे होने वाले हैं, लेकिन वह शहर में गंदगी खत्म नहीं कर पाए हैं, गंदगी को कैसे खत्म किया जाए इसके लिए उनके पास न तो कोई नीयत है और न ही नीति। जैन ने कहा कि होर्डिंग्स लगाकर शहर सुंदर नहीं बनता, शहर सुंदर तब बनता है, जब शहर में पक्की और साफ सुथरी सड़कें हो, नाली और नालों की नियमित सफाई व सफाई से निकली गाद का सही समय पर उठान हो और अच्छी लाइटें हो।
उन्होंने कहा कि हर बार आईएमटी की बात उठती है, उसको लेकर तरह तरह की सुर्खियां बटोरी जाती है, लेकिन इस पर कितना कार्य हो चुका है और कितना कार्य शेष रह गया है, विधायक इस पर अपना स्पष्टीकरण दें। जैन ने कहा कि अंबाला में पिछले लंबे समय से सभी प्रोजेक्ट अधूरे पड़े हुए हैं, चाहे वो लोगों की आस्था का प्रतीक नौरंगराय तालाब हो, महावीर पार्क हो, बालभवन (तारा मंडल) हो, अंबाला-हिसार फ्लाईओवर एक्सटेंशन हो, नागरिक अस्पताल की एक्सटेंशन हो, मिनी सचिवालय हो, कालका चौक का एंट्री गेट हो या कोई और प्रोजेक्ट हो, सभी लटके हैं।