अंबाला। सिटी के वाल्मीकि बस्ती में 31 जुलाई को दो बच्चियों की बेरहमी से हुई हत्या के बाद वीरवार को हरियाणा के परिवहन राज्य मंत्री असीम गोयल पीड़ित परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने बच्चियों के परिजनों को सांत्वना देते हुए सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि मैं स्वयं एक बेटी का बाप हूं और पीड़ित परिजनों की पीड़ा को समझ सकता हूं। किसी भी हाल में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी मामले में जल्द मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उधर, पुलिस ने वीरवार को क्षेत्र में लगे सीसीटीवी को खंगाला।
विदित हो कि शहर की वाल्मीकि बस्ती में बुधवार को एक घर में दो बच्चियों की हत्या कर दी गई थी। बच्चियों के शव मिलने पर पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों बच्चियों के गले पर निशान थे और एक बच्ची के मुंह से खून निकल रहा था। पुलिस ने बच्चियों के दादा वेदप्रकाश की शिकायत पर सुबह घर पर झगड़ा करने वाले विकास के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
दादा वेदप्रकाश ने बताया था कि बुधवार की सुबह आठ बजे बच्चियों के पिता सोनू और भाई सौरभ कहीं चले गए थे। घर पर दोनों बच्चियां 11 वर्षीय योगिता और सात वर्षीय अमायरा के अलावा कोई नहीं था। करीब एक घंटे बाद ही जब सौरभ घर पर आया तो देखा कि दोनों बच्चियां सीढि़यों पर मृत अवस्था में पड़ी हुईं थीं। उनके गले पर चोट के निशान थे। उन्होंने बताया कि सुबह सात बजे बच्चियों के घर पर विकास नाम का व्यक्ति आया था, जिससे लेनदेन को लेकर झगड़ा हुआ था। उस समय तो मामला शांत हो गया। आरोप है कि बच्चियों के पिता और भाई के जाने के बाद आरपी विकास ने दोनों बच्चियों की हत्या कर दी है। बताया जाता है कि पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को काबू किया है, जिनसे फिलहाल पूछताछ की जा रही है।
-
मामले की स्थिति स्पष्ट न होने के कारण अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जल्द ही इस मामले की अनसुलझी गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।
सुनील वत्स, अंबाला सिटी थाना प्रभारी