कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने दूध को 100 रुपये लीटर बेचने का एलान किया था। परंतु अंबाला वासियों के लिए अब राहत की खबर है, अंबाला में दूध के दाम पहले की तरह ही रहेंगे। भाकियू के जिला उपप्रधान गुलाब सिंह ने शंभू बार्डर से एलान किया है कि कोई भी अंबाला का किसान दूध के दाम नहीं बढ़ाएगा। गुलाब सिंह ने कहा कि किसानों से दूध कोई 50 रुपये मूल्य पर भी नहीं लेता है, ऐसे में अगर किसानों ने दूध के दाम को बढ़ा दिया तो उससे न केवल किसानों को बल्कि अंबाला की जनता को भी नुकसान होगा। इससे किसानों को लेकर गलत छवि बन जाएगी। वहीं, अभी तक हाईकमान से भी दूध के कीमत 100 रुपये करने के लिए कोई आदेश नहीं आया है। इस लिए उन्होंने दूध के रेट न बढ़ाने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि अगर किसान मोर्चा की ओर से बाद में आदेश जारी होते हैं तो उसके बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।