अंबाला। मानसिक तनाव के चलते फौजी ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट से यह खुलासा हुआ। मृतक की पहचान गांव नथखेड़ा पोस्ट मुराई बाग डलमऊ जिला रायबरेली उत्तर प्रदेश निवासी यूके यादव के तौर पर हुई। वह रेलवे स्टेशन के नजदीक एक यूनिट में तैनात था।
मृतक विवाहित था और एक बच्चे का पिता था। दरअसल वीरवार सुबह आरपीएफ व जीआरपी को सूचना मिली कि अंबाला-सहारनपुर रेलवे यार्ड में एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। आरपीएफ के एएसआई रविंदर कुमार, मुख्य सिपाही अनूप सिंह और जीआरपी प्रभारी धर्मवीर सिंह व मुख्य सिपाही संजीव कुमार मौके पर पहुंचे तो उन्हें किलोमीटर नंबर 261/18-261/20 पर रेलवे लाइन के साथ एक शव पड़ा मिला। जिसका बांया हाथ कंधे से और पैर घुटने से कटा हुआ था। उसका धड़ दो हिस्सों में कटा हुआ था। मृतक ने हरे रंग की सेना की टी-शर्ट और नीले रंग की हाफ पेंट पहनी थी। जीआरपी ने जब मृतक की तलाशी ली तो उसके पास से एक डायरी मिली। जिससे मृतक की पहचान हुई। सूचना मिलते ही अन्य सेना के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मृतक के पास कोई भी रेल टिकट नहीं था। हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई थी। वहीं शव कब्जे में लेकर जीआरपी ने आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है।
मृतक के पास एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें मानसिक और काम के तनाव का जिक्र किया गया है। परिजनों के आने तक शव जीआरपी के पास ही रहेगा। उनके आने के बाद ही पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।
-धर्मवीर सिंह, प्रभारी जीआरपी, अंबाला।