अंबाला। सिटी की शिवपुरी कॉलोनी निवासी व्यक्ति का अपहरण कर मारपीट करने व केस वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। बलदेव नगर थाना पुलिस ने तरसेम कुमार, प्रवेश कुमार, जतिन सैनी, कुसुम रानी, संजीव कुमार व अन्य पर अपहरण सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पीड़ित अजय कुमार ने बताया कि वह 15 अगस्त को सुबह नौ बजे घर से बाइक पर काम की तलाश में गया था। घर से करीब 300 मीटर दूर मनमोहन नगर के नजदीक जामुन के बाग के पास दो नकाबपोश बदमाशों ने रास्ता रोक लिया। इसके बाद फोन पर उसकी किसी से बात कराई। बात करने वाले ने धमकाया कि मकान का केस वापस ले ले, नहीं तो जान से मार देंगे।
यहां से एक घंटे बाद वह जैन कॉलेज रोड होते हुए हिसार हाईवे पर पहुंचा तो तीन लोगों ने उसे रोक लिया और नशीला पदार्थ सुंघा दिया। 4-5 घंटे बाद होश आया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। आरोपी किसी से कह रहे थे कि एक लाख रुपये खाते में डाल दो। इसी बीच दूसरे व्यक्ति ने बोला कि तरसेम पैसे डाल दो, हम अजय को मार देंगे। जब आरोपियों को पैसे नहीं मिले तो उसे पटियाला और सनौर के बीच सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। जाते हुए एक हफ्ते में मारने की धमकी दी। फिर पास के ही एक डेरे पर जाकर परिजनों को फोन कर पूरी जानकारी दी थी।
यह था पूरा मामला
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका कैथ माजरी निवासी तरसेम के साथ मकान का विवाद चला रहा है। कोर्ट से उन्हें स्टे मिला हुआ है। मामले में 21 अगस्त को कोर्ट में सुनवाई होनी है। केस वापस लेने के लिए तरसेम कुमार, प्रवेश कुमार, उसका बेटा जतिन सैनी, पत्नी कुसुम रानी और संजीव कुमार दबाव डाल रहे हैं। धमकी दे रहे हैं कि केस वापस नहीं लिया तो जान से खत्म कर देंगे।