नारायणगढ़। एक निजी कॉलेज की पांच छात्राओं पर तेजाब फेंकने की धमकी देने वाले कॉलेज के छात्र को पुलिस ने काबू कर लिया। बिहार के जिला सहरसा निवासी आरोपी प्रीत कुमार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया।
इस संबंध में शिकायतकर्ता पीड़ित छात्रा व अन्य ने 25 जून को थाना नारायणगढ़ में शिकायत दर्ज करवाई थी। उसमें बताया कि काॅलेज में आरोपी प्रीत कुमार व अन्य ने उसे व उसकी सहपाठियों को जान से मारने व तेजाब फेंकने की धमकी दी थी। बताया था कि वह कॉलेज के होस्टल में रहती है। कुछ दिन पहले उसकी कॉलेज की एक युवती के साथ बहस हो गई थी।
23 जून की रात को युवती के प्रेमी प्रीत व एक अन्य ने कमरे में आकर हमला कर दिया। वीडियो कॉल के जरिये उसी युवती से बात करवाई जिससे झगड़ा हो गया था। बोला कि तुम उससे माफी मांगों नहीं तो तुम्हें तेजाब से जला दूंगा। जिससे सभी छात्राएं सहम गई थी और जान का खतरा होने पर पुलिस को शिकायत दी थी।