संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार को कृषि सदन में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया ने बतौर मुख्यअतिथि व विधानसभा संयोजक रितेश गोयल ने वशिष्ठ अतिथि के तौर पर शिरकत की। बंतो कटारिया ने कहा कि भगवान महर्षि वाल्मीकि एक उच्च कोटि के आदि कवि व रामायण के रचयिता थे। सरकार की संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के अंतर्गत महापुरुषों की जयंतियां, सरकारी तौर पर मनाने का काम किया जा रहा है। हमें अपने महापुरूषों के पदचिह्नों पर चलते हुए अपने जीवन को सार्थक बनाना चाहिए तथा उन द्वारा दी गई शिक्षाओं को आगे बढ़ाना चाहिए। विधानसभा संयोजक रितेश गोयल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने तप करते हुए समाज को दिशा देने का काम किया है।