संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। शहर के एमडीएसडी कॉलेज के रोड सेफ्टी क्लब के अंतर्गत सड़क सुरक्षा विषय पर सेमिनार का आयोजन किया। मुख्य वक्ता कॉमर्स विभाग की सहायक प्रोफेसर सीमा अग्रवाल ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही यातायात के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि आज हम सभी को सड़क दुर्घटना से प्राण बचाने के लिए आवाज उठाने की अति आवश्यकता है। हमें सड़क को सुरक्षित करना है, तेज गति में वाहन चलाने से डरना है। समाज को जगाओ, सड़क को सुरक्षित बनाओ। सड़क नियमों का पालन करें और जिंदगी में खुशियों के रंग भरें। सेमिनार का आयोजन रोड सेफ्टी क्लब इंचार्ज डॉक्टर कौशल चौहान और को-इंचार्ज डॉक्टर मंजू तोमर ने किया।
एमडीएसडी कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्या कर्मजीत कौर ने कहा कि सड़क दुघर्टना एक गंभीर समस्या बनती जा रही है, जिससे निजात पाने के लिए हम सभी को एकजुट होकर आगे आना चाहिए। संचालन संगीत विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. उज्ज्वल जोशी ने किया। डॉक्टर जसप्रीत कौर और रीनू शर्मा ने यातायात के नियमों पर महत्व बताया और नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।