अंबाला। छावनी के उपमंडल कार्यालय में समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कभी सफाई की समस्या, कभी शौचालय में गंदगी की समस्या तो कभी बेसमेंट पार्किंग में गंदगी के ढेर हैं। आलम यह है कि उपमंडल कार्यालय में आने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सोमवार को आधार सेंटर में आधार अपडेट कराने आए लोगों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ा। एक तो लोगों को सेंटर के बाहर बैठने के लिए कुर्सियां नहीं मिली। इस दौरान आधार सेंटर में आधार कार्ड की मशीन में खराबी आ गई। इसके बाद आपरेटर सेंटर पर ताला लगाकर मशीन को ठीक करवाने चला गया और दोपहर बाद तक भी नहीं आया। इस दौरान लोग सेंटर के बाहर फर्श पर ही बैठ गए। काफी देर तक इंतजार करने के बाद लोग फर्श पर ही सो गए।
चार घंटे बाद भी नहीं निकला हल
गुरचरण कोर ने बताया कि वह घसीटपुर की निवासी है, सुबह दस बजे वह आधार सेंटर में अपना आधार अपडेट करवाने के लिए आई, इसके बाद उसने अपना नंबर लगवा दिया। दो घंटे इंतजार करने के बाद पता चला कि मशीन खराब हो गई है। चार घंटे से वह मशीन ठीक होने का इंतजार कर रही है।
फर्श पर बैठी करती रही इंतजार
गुरदेव कौर ने बताया कि वह छावनी की निवासी है और बुजुर्ग है। वह सुबह 11 बजे अपने आधार को अपडेट करवाने के लिए सेंटर में आई। सबसे पहले उसे बैठने के लिए कुर्सी ही नहीं मिलीं। इसके बाद वह फर्श पर ही बैठ गई। अब तीन बजने वाले हैं और अभी तक सेंटर पर ताला लगा हुआ है, क्योंकि मशीन खराब है।
दो बच्चों के साथ करते रहे इंतजार
सुंदर नगर निवासी अनिता ने बताया कि वह अपना और अपने दो बच्चों का आधार अपडेट करवाने के लिए सेंटर में आई थी। लेकिन सेंटर पर ताला लगा था। लोगों से पूछा तो उन्होंने बताया कि मशीन खराब है और आपरेटर मशीन ठीक करवाने के लिए मशीन लेकर गया है
फर्श पर लेट छह घंटे इंतजार
गुरदेव सिंह ने बताया वह सुबह साढे़ नौ बजे आधार सेंटर में आधार अपडेट करवाने के लिए आया था। सेंटर के बाहर लोगों की भीड़ ज्यादा होने के कारण वह परिवार के साथ फर्श पर बैठ गया, लेकिन बुजुर्ग होने के कारण वह फर्श पर लेट गया। बारह बजे आधार कार्ड की मशीन खराब हो गई। अब चार बजने वाले है। न तो आधार की मशीन ठीक हुई न ही आधार सेंटर का ताला खुला।
वर्जन
मामला संज्ञान में आया है। आधार सेंटर के बाहर कुर्सियों की जो समस्या आ रही है, जल्द ही उसकी व्यवस्था करवा दी जाएगी।
सतिंद्र सिवाच, एसडीएम, अंबाला छावनी।
अंबाला छावनी के उपमंडल कार्यालय में आधार सेंटर के बाहर फर्श पर लेटे व बैठकर सेंटर खुलने का इंत