नारायणगढ़। मैडम! घर पर पशु हैं। हम यहां रहेंगे तो उनका कोन ध्यान रखेगा? इतना ही नहीं घर में बच्चे भी बीमार हैं। एसडीएम अदिति व डीएसपी अमित भाटिया वीरवार को गुर्जर धर्मशाला में पहुंचे तो यहां रह रहे ज्यादातर क्वारंटीन लोगों ने कुछ इसी तरह से अपना दुखड़ा रोया। इस पर एसडीएम ने आश्वासन देते हुए कहा कि आप वहां की चिंता न करें जो भी दिक्कतें हैं उनका वहां समाधान करवा दिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने उनकी हौसला अफजाई करते हुए कहा कि आप सभी के सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। घबराने की जरूरत नहीं है। यहां पर क्वारंटीन किये गये सभी व्यक्ति धैर्य बनाये रखें।अपनी क्वारंटीन अवधि को पूरा कर घर जाएं। गांव राऊमाजरा के 23 व्यक्तियों को गुर्जर धर्मशाला में क्वारंटीन किया गया था जोकि महाराष्ट्र बांच रैहना (रायपुररानी) के संपर्क में 22 मार्च को आये थे। इन सबके 5 अप्रैल 2020 को टैस्ट के लिए सैंपल लिये गये थे।