ठीकरी पहरा दे रहे युवक पर लोहे की रॉड व तलवार से हमला करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पंजोखरा पुलिस को टुंडली गांव के लखबीर सिंह ने दी शिकायत में बताया कि तीन दिन पहले वह लॉकडाउन की वजह से ठीकरी पहरे पर था। तब उसके साथ गांव के बारु सिंह, दलेर सिंह, शिवराम भी थे। रात करीब एक बजे गांव के ही अंग्रेज सिंह गेजी, राजविंद्र उर्फ राजू भी वहां आ गए। यहां आने पर उनकी दलेर सिंह के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। उसका आरोप है कि आरोपियों ने बिना किसी बात के उसे पकड़ लिया। इसके बाद अंग्रेज ने उसकी गर्दन पर लोहे की रॉड से वार किया। इसके कारण उसे चक्कर आ गए। इसके बाद सहयोगियों ने आरोपियों को समझा बुझाकर वहां से भेज दिया। तबीयत ठीक होने के बाद वह भी घर की ओर पैदल ही चल पड़ा था। रास्ते में शिव मंदिर के पास पहुंचने पर दोनों भाइयों ने फिर उस पर हमला कर दिया। अंग्रेज के हाथ में रॉड और राजविंद्र के हाथ में घास काटने वाली खुंडी तलवार थी। इसके बाद अंग्रेज के पिता तलविंद्र उर्फ बंटी ने भी उस पर डंडे से हमला कर दिया। लखबीर ने बताया कि जब उसने बचाव के लिए शोर मचाया तो मौके पर उसकी पत्नी संदीप कौर व ठीकरी पहरा दे रहे दलेर, शिव राम, बारु भी आ गए। सभी को देखकर आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।