संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। मार्च में गर्मी की शुरूआत हो गई है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। पिछले बुधवार को बिजली खपत 41 लाख यूनिट प्रतिदिन रिकॉर्ड की गई। बिजली निगम ने भी अब अपनी तैयारी शुरू कर दी है। सेक्टर व कॉलोनियों में फीडर से नई लाइन खींची जाएगी। इसके लिए निगम ने बीते माह अपना सर्वे भी किया था। जल्द ही शहर के सेक्टर व कॉलोनियों में फीडर से नई लाइन खींचने को लेकर कार्य शुरू होगा।
वहीं इससे पहले शहर में घासमंडी क्षेत्र की 15 कॉलोनियों के लिए कंपनी बाग व लायलपुर बस्ती सब स्टेशन से दो नई लाइन खींची जा रही है। बिजली निगम अंबाला शहर डिविजन के एक्सईएन सुखबीर सिंह ने बताया कि गर्मी के सीजन में ओवरलोड होने वाले एरिया में निगम सर्वे कर चुका है। यहां पहले नए ट्रांसफार्मर लगाने के साथ उनकी क्षमता बढ़ाई गई है। कुछ एरिया के ओवरलोड को दूसरे फीडर से लाइन खींचकर आधा किया जा रहा है ताकि वह गर्मी में अघोषित कट न लगे।
दरअसल, गर्मी के पीक सीजन में शहर के कुछ एरिया में पिछले वर्ष बिजली कट को लेकर दिक्कत आई थी। इसके बाद निगम ने सबक लेते हुए सर्वे किया और देखा कि उन एरिया में किन कारणों से दिक्कत आई। इसके उपरांत कुछ एरिया में नए ट्रांसफार्मर लगाए गए और कुछ ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई गई। इसके साथ ही कुछ एरिया को दो फीडर की लाइन खींचकर आधा-आधा बांटा गया ताकि ओवरलोड होने से बिजली के अघोषित कट न लगे और लोगों को परेशानी न हो।