अंबाला। एक माह पहले शुरु हुआ बहुउद्देशीय पार्किंग में लिफ्ट लगाने का कार्य फिर अटक गया है। लिफ्ट लगाने की जगह पर जलभराव हो गया है और पानी निकालने वाली मोटर खराब हो गई है। ऐसे में लिफ्ट लगाने का कार्य फिर लंबित होने लगा है। इस कारण वाहन चालक बहुउद्देशीय पार्किंग का पूरी तरह से फायदा भी नहीं ले पा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी अनुसार जिस जगह लिफ्ट लगाने का कार्य शुरु किया गया है वो निर्माण स्थल गुड़गुड़िया नाले के साथ है। इसलिए जितनी बार भी लिफ्ट का बेस तैयार करने के लिए खुदाई की गई, उतनी ही बार नाले का पानी रिस-रिसकर बेस के लिए बनाए गए गड्ढे में भर गया। इस समस्या से निपटने के लिए एक छोटी मोटर लगाई गई है जोकि नाममात्र कार्य कर रही थी और अब वो भी खराब हो चुकी है। गौरतलब है कि बहुउद्देशीय कार पार्किंग में लिफ्ट लगाने का कार्य पहले भी अटक गया था। इस दौरान योजना से जुड़ी फाइल में खामियां बताकर इसे वापिस भेज दिया गया और फिर फंड की कमी के चलते यह योजना ठंडे बस्ते में चली गई थी।
दो वाहन और एक यात्री लिफ्ट
बहुउद्देशीय पार्किंग से कुछ दूरी पर विजय रतन चौक के नजदीक लिफ्ट लगाई जाएंगी। यहां लगभग 3.50 करोड़ की लागत से तीन लिफ्ट लगाई जाएंगी। इसमें दो वाहनों के आवागमन के लिए होगी और एक यात्रियों की जोकि पार्किंग के प्रवेशद्वार के नजदीक लगाई जाएगी जिससे कि बाजार आने वाले लोगों को सुविधा मिल सके। इसके अलावा यहां पर सूचना के लिए एलईडी बोर्ड भी लगाए जाएंगे ताकि यात्री बिना किसी परेशानी के अपने वाहन खड़ा कर सकें।
19.38 करोड़ में तैयार हुई पार्किंग
सदर क्षेत्र में लोकल बस अड्डे के पास 19.38 करोड़ की लागत से बहुउद्देशीय पार्किंग का निर्माण किया गया है। पार्किंग तीन मंजिला बनाई गई है। पार्किंग में एक समय में लगभग 350 कार और 350 दो पहिया वाहन खड़े हो सकेंगे। मौजूदा समय में 100 से अधिक वाहन रोजाना पार्किंग में खड़े हो रहे हैं। इससे नगर परिषद को भी राजस्व की प्राप्ति हो रही है।
वर्जन
बहुउद्देशीय पार्किंग में जिस जगह लिफ्ट लगाने का शुरु किया गया था। वहां जलभराव हो गया है। पानी की निकासी का प्रबंध किया जा रहा है। अगर मोटर खराब है तो इसकी जगह दूसरी मोटर लगाई जाएगी। काम में कहीं ढिलाई नहीं हो रही।
मंदीप सिंह, कार्यकारी अभियंता, नप सदर।