अंबाला। श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी राजकीय पॉलिटेक्निक में छात्रों के भविष्य को नई दिशा देने के लिए व्याख्यान का आयोजन किया गया। यह व्याख्यान एंटरप्रेन्योरशिप व करियर गाइडेंस विषय पर आधारित रहा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में संस्थान के पूर्व प्रधानाचार्य पवन कुमार सोनी ने शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारण, कड़ा अनुशासन और निरंतर मेहनत अनिवार्य है। सोनी ने आज के दौर में उद्यमिता के महत्व पर जोर देते हुए युवाओं को स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनने और दूसरों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर संस्थान की प्रधानाचार्य बेनू बजाज ने मुख्य वक्ता को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्य डॉ. अदीश बिंदल, विभागाध्यक्ष पंकज गर्ग, हितेश अग्रवाल व मोहित सैनी सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।