अंबाला सिटी। मॉडल टाउन वासी नगर निगम से पूरी तरह उम्मीद छोड़ चुके हैं। वेलफेयर एसोसिएशन अब एक-एक घर से रुपये इकट्ठे कर रही है। जो कार्य नगर निगम को करवाने हैं, वह अपने स्तर पर करवाकर निगम को आइना दिखा रही है। पिछले दिनों ही वेलफेयर ने अपने स्तर पर 55 स्ट्रीट लाइटें लगवाई थी। इसके लिए प्रत्येक घर से रुपये लिए गए थे। जब एक लाख रुपये इकट्ठा हो गए तो स्ट्रीट लाइटें लगवाई।
अब वेलफेयर एसोसिएशन मॉडल टाउन की सड़कों में बने गड्ढे भरवाने का काम कर रही है। इस कार्य में भी लाखों रुपये का खर्चा आ रहा है। इसके बाद सेक्टर वासियों ने अपने खर्च पर ही सफाई कर्मचारी रखने की तैयारी शरू कर दी है।
वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से बनाए गए ग्रुप में प्रतिदिन स्ट्रीट लाइट, सफाई और गड्ढों के कारण हो रहे हादसों की शिकायतें मिल रही थी। ग्रुप में एक व्यक्ति ने बताया कि सफाई कर्मचारी न आने के कारण उनके पिता स्वयं ही गली की सफाई करते हैं। ऐसे में उन्होंने नगर निगम के कई चक्कर लगाए और दो साल तक इंतजार किया। जब कुछ हल नहीं निकला तो वेलफेयर ने अपने स्तर पर सुधार का जिम्मा उठाया। यहां बहुत से क्षेत्र ऐसे हैं जहां 10 से 15 दिनों तक कूड़े का उठान नहीं होता है।
मिल रही थी शिकायतें
हमारा एक ग्रुप बना हुआ है। उसमें प्रतिदिन शिकायतें पहुंचती हैं। हमने अपने स्तर पर बहुत प्रयास किया कि नगर निगम कुछ करे। जब कोई हल नहीं निकला तो अब एक-एक घर से रुपये एकत्रित कर काम करवा रहे है।
- आरसी सैनी, प्रधान मॉडल टाउन वेलफेयर सोसायटी
निगम की कार्यप्रणाली खराब
नगर निगम की कार्यप्रणाली खराब है। स्ट्रीट लाइटें और सफाई व्यवस्था को लेकर कह कर थक गए। मजबूरी में काम हमें करवाना पड़ रहा है। एसोसिएशन की देखा-देखी अब अन्य सोसायटी ने भी पहल शुरु कर दी है।
- सोमदेव कुकरेजा, महासचिव, मॉडल टाउन वेलफेयर सोसायटी
स्ट्रीट लाइटें ठीक करने की टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही स्ट्रीट लाइटें ठीक करने का काम शुरू हो जाएगा।
-सहजप्रीत सिंह, जेई, इलेक्ट्रिकल