अंबाला। छावनी के नागरिक अस्पताल के प्रसूति विभाग में शनिवार को एनक्वास की सिटी टीम और यमुनानगर से आई लक्ष्य की टीम ने निरीक्षण किया। सुबह 10 से 12 बजे तक सिटी टीम में डॉ. रजनी व अन्य शामिल रहे। उन्होंने प्रसूति विभाग का जायजा लिया और सुविधाओं को ओर बेहतर बनाने के निर्देश दिए। दोपहर 2 बजे के लक्ष्य की टीम आंकलन करने के लिए पहुंची। इस टीम में यमुनानगर नागरिक अस्पताल से डॉक्टर बीपी एस दहिया शामिल थे। हालांकि इस टीम ने अक्तूबर माह में भी प्रसूति विभाग, ओपीडी व ऑपरेशन थियेटर का जायजा लिया था और काफी सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. बीपी एस दहिया ने वार्ड में मरीजों को दिए उपचार से जुड़े सभी रिकॉर्ड को खंगाला। हालांकि इस दौरान कुछ सुधार करने के बारे में भी बताया। इसके बाद टीम में शामिल चिकित्सक को एक जगह पर छत पर थोड़ा प्लास्टर उखड़ा सा दिखा तो उसमें सुधार के निर्देश दिए। दो घंटे के बाद टीम के लौटने पर डॉक्टरों ने राहत की सांस ली। बता दें कि लक्ष्य की टीम जल्द ही रिपोर्ट तैयार कर उसमें छावनी नागरिक अस्पताल को स्कोर देगी। फिर फाइल को मिनिस्ट्री ऑफ हेल्थ में जमा करवाएंगे। बता दें कि पिछले दो माह में करीब 6 बार डॉक्टरों की टीमों का निरीक्षण प्रसूति विभाग में हो चुका है। ऐसे में काफी सुधार हुआ है और करने के प्रयास चल रहे हैं।