अंबाला। दहेज की मांग के लिए एक विवाहिता को प्रताड़ित करने और घर से बाहर निकालने का मामला सामने आया है। थाना महेश नगर में पीड़िता की शिकायत पर उसके पति सनल कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 26 अक्तूबर 2023 को पंचकूला सेक्टर-25 निवासी सनल के साथ हुई थी। परिवार ने शादी में करीब 25 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति और सास कम दहेज का ताना देने लगे और बाद में 5 लाख रुपये नकद व गाड़ी की मांग को लेकर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। 27 जून 2025 को बेटी के जन्म के बाद भी ससुराल वालों का रवैया नहीं बदला और 28 अक्तूबर 2025 को उसे बेटी सहित घर से निकाल दिया गया। एडीआर सेंटर में काउंसलिंग के बाद महेश नगर पुलिस ने जांच के आधार पर पति सनल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद