अंबाला। साइकिल पर हरिद्वार से गंगा जल लेकर बठिंडा जा रहे कावडिये सुमित को कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसा बुधवार रात साहा चौक पर हुआ। डायल 112 की मदद से उसे उपचार के लिए अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में लाया गया। यहां कावडिए को प्राथमिक उपचार दिया गया है। घायल बठिंडा निवासी सुमित ने बताया कि वो 14 जुलाई को साइकिल पर बठिंडा से बड़े भाई व दो दोस्तों के साथ हरिद्वार के लिए निकले थे। 15 जुलाई को वो हरिद्वार से गंगा जल लेकर बठिंडा के लिए चले। इस दौरान साहा के नजदीक चौक पर एक कार चालक ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसका पैर टूट गया और साइकिल पूरी तरह से खराब हो गई। मामले की जानकारी नागरिक अस्पताल की तरफ से साहा पुलिस को भेज दी गई है।