नगर परिषद कार्यालय कैंट में गृहमंत्री अनिल विज द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में मिली खामियों के बाद मंगलवार को अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई हुई। अर्बन लोकल बॉडीज डिपार्टमेंट ने संबंधित शिकायतों से जुड़े ईओ रविंद्र कुहार, एमई हरीश शर्मा, बिल्डिंग इंस्पेक्टर रमेश कुमार और जूनियर इंजीनियर विशाल चौहान को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
बता दें कि सोमवार को अचानक गृहमंत्री अनिल विज खुद गाड़ी चलाकर पहुंचे और निरीक्षण किया था। ईओ के कार्यालय में जांच के बाद पीए के कमरे में जाकर फाइलों का जांचा था। ऑनलाइन आने वाली शिकायतों को भी देखकर संबंधित शिकायतकर्ता को खुद ही फोन किया था। दो स्ट्रीट लाइटों व एक अतिक्रमण की शिकायत लंबित मिलने पर गृहमंत्री विज ने संबंधित तीन कर्मचारियों को सस्पेंड करने के आदेश दिए थे। साथ ही ईओ की भी जमकर फटकार लगाई थी। मंगलवार को विभाग ने सभी की जिम्मेदारियां निर्धारित की तो बिल्डिंग इंस्पेक्टर, जूनियर इंजीनियर, एमई हरीश सामने आए। जबकि ईओ को भी लापरवाही बरतने पर संस्पेड किया गया। उधर, नगर परिषद में औचक निरीक्षण के बाद मंगलवार को दिनभर कार्यालय में आने वाली लंबित शिकायतों को दुरुस्त करने में कर्मचारी जुटे रहे। इतना ही नहीं लोग भी अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।