इंग्लैंड जाने से पहले अपनी भांजी व उसके परिवार से मिलने पंचकूला गए परिवार के घर दिन दिहाड़े लाखों की चोरी हो गई। परिवार अंबाला कैंट थाना क्षेत्र स्थिति डीसी रोड पर अपने मकान का ताला लगाकर गया था। मंगलवार शाम को परिवार कार में वापस लौटा तो वह दंग रह गए। घर का सामान बिखरा हुआ था। अलमारी देखी तो उसमें से करीब डेढ़ लाख रुपये कैश सहित लाखों के जेवरात गायब थे। इलाका पुलिस सहित फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने मौके पर पहुंचकर तथ्य जुटाए। पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी मिली है जिसमें एक व्यक्ति टोपी पहनकर घर के पास घुमता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने परिवार के बयान दर्ज कर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी की जानकारी देते हुए सतीश कुमार गर्ग ने बताया कि वह मकान के नीचे ही पलंग आदि की दुकान है। उनकी पंचकूला सेक्टर-11 रहने वाली भांजी ने दिवाली के आसपास इंग्लैंड जाना है। उसके जाने से पहले मिलने के लिए वह अपने परिवार सहित कार में चले गए थे। पीछे से दुकान का ताला भी लगाया था। जबकि उनके घर के नीचे पूरी चहल पहल रहती है। हैरानी की बात यह है कि घर के मुख्य द्वार का ताला ही नहीं थी और ऊपर वाला भी ताला नहीं था। जांच अधिकारी एसआई धर्मपाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।