गुजरात से लौटे 9 जमातियों को सैंपलिंग के बाद होम क्वारंटीन किया गया है। इससे पहले इन जमातियों को गुजरात में भी 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन किया गया था। इनमें से कोई जमाती कोरोना वायरस से ग्रस्त न हो इस वजह से धनाना के प्राइमरी हेल्थ सेंटर में सभी के सैंपल लिए गए हैं। इनके साथ संपर्क में आए तीन और लोगों के भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। ये सभी जमाती गुजरात के भरुच से लौटे हैं। प्राइमरी हेल्थ सेंटर धनाना के प्रभारी डॉ. बलविंद्र सिंह ने बताया कि धनाना में अभी नौ जमातियों के सैंपल लिए गए हैं। इनमें चार जमाती यमुनानगर, चार नारायणगढ़ व एक सिटी के बलदेव नगर का है। एंबुलेंस के जरिए चालक दिनेश कुमार कौशिक, ईएमटी चंद्रमोहन, डॉ. गुरमीत सिंह, डॉक्टर नरेश कुमार, डॉक्टर अल्पना, लैब टेक्नीशियन प्रदीप कुमार, हेल्थ वर्कर रंजीत सिंह, रामदास बेहद सावधानी से सभी जमातियों को लेकर पीएचसी में पहुंचे थे। इसके बाद शहजादपुर के सीनियर मेडिकल ऑफिसर तरुण कुमार व जरनैल सिंह के दिशा निर्देश में सभी जमातियों की सैंपलिंग का काम हुआ। एंबुलेंस चालक दिनेश कुमार कौशिक ने बताया मुसीबत की इस घड़ी में हर कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे है। उन्होंने स्टाफ नर्स , ठेका प्रथा पर लगे सफाई कर्मचारी, वार्ड सर्वेंट, फील्ड कर्मचारी, आशा वर्कर्स, एमपीएचडब्ल्यू को भी कोरोना के खिलाफ पूरे हौसले के साथ लड़ाई लड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रभारी डॉ. बलविंद्र सिंह ने भी मेडिकल व पैरा मेडिकल स्टाफ के जज्बे की जमकर सराहना की।