शहर के मुरलीधर डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान प्रश्नोतरी में उत्तर देते हुए
अंबाला सिटी। मुरलीधर डीएवी पब्लिक स्कूल में जिला स्तरीय विज्ञान प्रश्नोतरी के दूसरे दिन का आयोजन किया। प्रतियोगिता में सीबीएसई बोर्ड के राजकीय और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
यह प्रतियोगिता जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार के मार्गदर्शन और जिला विज्ञान विशेषज्ञ पूजा भारद्वाज की देखरेख में कराई। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने भाग लिया। इससे पूर्व स्क्रीनिंग टेस्ट लिया। इस टेस्ट में कुल आठ टीमों का चयन किया। आठ टीमों में से पांच विजेता टीमों का चयन संभागीय स्तर के लिए किया है।
प्रश्नोतरी प्रतियोगिता में लार्ड महावीर जैन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रथम, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल मोहड़ी-भानोखेड़ी द्वितीय, डीएवी पब्लिक रिवरसाइड अंबाला छावनी तृतीय, आर्मी पब्लिक स्कूल चौथे और राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल रामपुर सरसहेड़ी टीम पांचवें स्थान पर रही। इसी तरह निबंध लेखन के टॉप-10 प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया और यह विजेता विद्यार्थी अगले चरण में संभागीय स्तर पर प्रतिभागिता करेंगे।
प्रतियोगिता का निरीक्षण डीईओ सुरेश कुमार व बीईओ सतबीर सिंह ने किया। मुरलीधर डीएवी पब्लिक स्कूल प्रधानाचार्य डॉ. आरआर सूरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। विजेता सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया और उन्हें अगले स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के संचालन के लिए सभी जिला स्तरीय टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया।