अंबाला। जैन फेलोशिप क्लब की ओर से सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें क्लब जरूरतमंद और असहाय परिवारों के युवक-युवतियों का सामूहिक विवाह करवाएगा। छावनी स्थित अहिंसा जैन धर्मशाला में 27 जुलाई रविवार को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में क्लब द्वारा विवाह के पश्चात घरेलू उपयोग की आवश्यक वस्तुएं पूर्ण सम्मान एवं आत्मीयता के साथ भेंटस्वरूप प्रदान की जाएंगी, जिससे वे आत्मनिर्भर और आत्मसम्मान के साथ अपने जीवन की नई यात्रा प्रारंभ कर सकें। क्लब के सदस्य अभय जैन ने बताया कि इस समारोह के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क वर-वधू पक्ष से नहीं लिया जा रहा है। सभी वैवाहिक विधियां हिंदू विवाह अधिनियम के अंतर्गत, समाज के वरिष्ठजनों व समिति द्वारा सत्यापित दस्तावेजों के साथ विधिपूर्वक संपन्न होंगी।