अंबाला छावीन बस अड्डे पर बस की इंतजार करते यात्री। संवाद
अंबाला। छावनी मार्ग पर चलने वाली बस के चालक और परिचालक की मनमानी पर परिवहन विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। छावनी के बीडी फ्लोर मिल बस स्टॉप और रोटरी अस्पताल पर बस न रुकने की शिकायत के बाद हरियाणा राज्य परिवहन अंबाला के महाप्रबंधक अश्वनी डोगरा ने आदेश जारी किए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित रूट पर बस का संचालन नहीं किया गया तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। शालीमार बाग निवासी प्रवीण चंद्र कौरा ने विभाग को शिकायत भेजी थी कि अंबाला सिटी-कैंट से नहेड़ा मार्ग पर चलने वाली बस निर्धारित बीडी फ्लोर मिल बस स्टॉप पर नहीं जा रही हैं। महाप्रबंधक अश्वनी डोगरा ने कार्य निरीक्षक अंबाला और नारायणगढ़ को निर्देश दिए हैं कि वह सभी चालकों और परिचालकों को इस आदेश से अवगत कराएं। सभी बसें अपने निर्धारित मार्ग से होकर ही गुजरेंगी। भविष्य में यदि इस मार्ग पर बस संचालन न करने की कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो उसे अनुशासनहीनता माना जाएगा। संवाद