अंबाला। बुजुर्ग दंपती की आंखों में आंसू और उनकी लाचारी देखकर गृहमंत्री की भी आंखें नम हो गई और उन्होंने बुजुर्ग दंपती को आश्वासन दिया कि अनिल विज जब तक बैठा है, तुम्हें रोने की जरूरत नहीं, प्रदेश के हर व्यक्ति के लिए लड़ूंगा। दंपती की शिकायत सुनते ही गृहमंत्री ने करनाल एसपी को फोन करके सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
विज रविवार को अंबाला स्थित अपने आवास पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे। इस दौरान करनाल से आए बुजुर्ग दंपती ने उनकी जमीन पर कब्जे की शिकायत गृहमंत्री से की। रोते हुए दंपती ने कहा कि उन्होंने अपने बेटे के लिए कई वर्ष पूर्व यह जमीन खरीदी थी। मगर अब इस पर कब्जा हो रहा है। इसी प्रकार पानीपत में जमीन विवाद व मारपीट के मामले में गृहमंत्री ने जांच अधिकारी को बदलने के निर्देश दिए।
झज्जर से आए फौजी ने गृहमंत्री को बताया कि उसके घर में कुछ माह पूर्व चोरी हो गई थी। पुलिस की ओर से मामले में अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। गृहमंत्री ने एसपी झज्जर को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। भिवानी से आई गैंगरेप पीड़िता ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने की शिकायत दी। इस पर मंत्री विज ने एसपी भिवानी को मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अन्य मामलों में कार्रवाई
कैथल से आई महिला ने झगड़े के मामले में आरोपियों द्वारा उसे धमकाने की शिकायत दी। इसके अलावा अंबाला छावनी निवासी व्यक्ति ने प्लॉट दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत, यमुनानगर के कपाल मोचन निवासी किसान ने उसकी जमीन से जबरन पेड़ काटने, जींद निवासी बुजुर्ग ने मारपीट व जान से मारने क धमकी देने, कैथल निवासी व्यक्ति ने ठगी के मामले में आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने व अन्य कई शिकायतें आई। सभी पर गृह मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के दिशा-निर्देश दिए।