अंबाला। छावनी नागरिक अस्पताल के प्रसूति विभाग में मंगलवार को पंचकूला से डिप्टी डायरेक्टर हेल्थ डॉ. शालू गर्ग ने औचक निरीक्षण किया। करीब दो घंट में प्रसूति विभाग में व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुधार के निर्देश दिए।
प्रसूति विभाग के सभी रजिस्टरों को मंगवाकर उन्हें जांचा। हालांकि कुछ रजिस्टर में मरीजों से जुड़ा डाटा पूरी नहीं मिला। ऐसे में नर्सिंग ऑफिसर सहित डॉक्टरों को भी दिशा निर्देश दिए और उन्हें रिकाॅर्ड पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा वार्ड में जाकर जच्चा-बच्चा को दी जाने वाली सुविधाओं को भी देखा। जैसे ही डिप्टी डायरेक्टर वार्ड में पहुंची तो उन्हें सेंट्रल एसी चलने के कारण उमस दिखी।
इसको लेकर भी स्टाफ को समय-समय पर खिड़कियां खोलने बारे कहा। इसके अलावा वार्ड में अधिकतर बैड पर ही खाना खाने वाले टेबल रखे हुए थे ऐसे में उनकी संख्या कम करने के लिए बोला ताकि वार्ड भरा-भरा न लगे और जरूरत पड़ने पर उसका इस्तेमाल हो। उसके बाद उन्होंने पीएमओ डॉ. राकेश सहल से मुलाकात की थी। बता दें कि विगत माह ही प्रसूति विभाग में ही डिप्टी डायरेक्टर हेल्थ शालू गर्ग ने निरीक्षण किया था और उस समय भी काफी खामियों को उजागर करते हुए स्टाफ की जमकर क्लास लगाई थी।
साथ ही दोबारा से निरीक्षण करने की बात भी बोली थी। बता दें कि जल्द ही अस्पताल में एनक्वास की टीम का भी दौरा हो सकता है। उसको लेकर भी व्यवस्था बनाने की तैयारियां की जा रही है।